ओवरलोड हुआ बिजलीघर, 18 घंटे ठप रही आपूर्ति
मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी में बिजलीघर ओवरलोड हो रहे हैं। बुधवार रात महावीर चौक विद्युत केंद्र के ओवलोड हो जाने से हड़कंप मच गया। बार-बार तार टूटने लगे और सप्लाई ठप हो गई। करीब आधे शहर में रात भर आपूर्ति बंद रही। बृहस्पतिवार को विद्युत केंद्र का लोड कम किया गया। इस दौरान भी नुमाइश कैंप और जाट कॉलोनी की आपूर्ति ठप रही। करीब 18 घंटे के ब्लैक आउट से इन क्षेत्रों के लोग परेशान रहे।
बुधवार रात नुमाइश कैंप, जाट कॉलोनी सहित अन्य कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। महावीर चौक बिजली घर ओवरलोड हो जाने के कारण जाट कॉलोनी में बार-बार तार टूट रहे थे। इसलिए रात भर आपूर्ति बंद रही। बीच-बीच में कुछ देर सप्लाई शुरू की गई, लेकिन बिजली घर लोड नहीं संभाल पाया। सुबह साढ़े दस बजे फिर बिजली कुछ देर चलने के बाद ठप हो गई। भीषण गर्मी में लोग रात भर बिलबिलाते रहे। सुबह को भी जब स्थिति नहीं संभली तो महावीर चौक बिजलीघर का लोड कम करने का काम शुरू किया गया। जाट कॉलोनी के फीडर को नुमाइश कैंप बिजली घर से जोड़ा गया। साथ ही रहमत नगर के दो ट्रांसफार्मरों का लोड भी ट्रांसफर किया गया। इसके साथ ही ट्रांसफार्मरों पर आ रहे पेड़ों की छंटाई का काम भी चलता रहा। इसके चलते शाम चार बजे तक बिजली ठप रही। बाद में भी थोड़ी-थोड़ी देर बाद कट होता रहा। अधिशासी अभियंता पंकज ने बताया कि शहर में यह प्रयास किया जा रहा है आपूर्ति अधिक से अधिक दी जाए। तार टूटने या अन्य समस्या आ जाने से आपूर्ति बाधित होती है। बृहस्पतिवार को कुछ समय के लिए नरा बिजली घर से पूरे शहर की आपूर्ति प्रभावित रही।
पानी के लिए परेशान हो उठे लोग
बिजली की आपूर्ति लगातार बाधित रहने से शहर की जनता को पानी को लेकर भी परेशानी उठानी पड़ी। अधिकतम घरों में पानी की आपूर्ति मोटर से ही हो पाती है। बिजली नहीं आने पर यह प्रक्रिया भी प्रभावित रही। लोगों को पानी को लेकर भी परेशान होना पड़ा।