कोरोना में अनाथ हुए बच्चों को मिली आर्थिक मदद
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी पटेल द्वारा बाल सेवा योजना का शुभारंभ करते ही जिले के 128 अनाथ और निराश्रित बच्चों के खातों में 12-12 हजार रुपये की धनराशि पहुंच गई। 32 बच्चों के खातों में इस योजना में अगस्त माह में पैसा जारी होगा।
बृहस्पतिवार को जिला पंचायत के चौधरी चरणसिंह सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ योजना के पात्र बच्चों के परिजन मौजूद रहे। बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक और पुरकाजी विधायक प्रमोद उटवाल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद दोनों विधायकों, डीएम सेल्वा कुमारी जे, सीडीओ आलोक यादव ने उपस्थित लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाणपत्र वितरित किए ।
जनपद में अब तक मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत 160 कोविड प्रभावित अनाथ बच्चों की स्वीकृति हुई है। 30 जून तक 128 बच्चों की स्वीकृति प्रदान की गई थी तथा अवशेष 32 बच्चों की स्वीकृति जुलाई माह में की गई है। जून माह तक स्वीकृत किए गए 128 बच्चों के अभिभावक, संरक्षक के बैंक खाते में प्रतिमाह रुपये चार हजार की दर से माह जुलाई, अगस्त एवं सितंबर की कुल धनराशि रुपये 12 हजार प्रति बच्चा हस्तांतरित कर दी गई है। अवशेष 32 बच्चे, जिनकी स्वीकृति जुलाई माह में की गई है, उनके बैंक खाते में धनराशि का हस्तांतरण अगस्त माह में किया जाएगा।
ऐसे बच्चे जो कक्षा नौ या उससे ऊपर की कक्षा में अध्ययनरत हैं उन्हें एक टैबलेट या लैपटॉप भी उपलब्ध कराया जाएगा। जनपद में 37 बच्चों को टैबलेट या लैपटॉप उपलब्ध कराया जाएगा। विवाह योग्य बालिकाओं को विवाह के समय एक लाख एक हजार की धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। चयनित बच्चों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. एमएस फौजदार, बीएसए मायाराम, जिला सूचना अधिकारी अनमोल त्यागी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गौड़, सामाजिक कार्यकर्ता बीना शर्मा, डॉ राजीव कुमार आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी मौहम्मद मुशफेकीन ने किया।