तितावी गांव भमेला में में मृतक के गमजदा परिजन।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
हाईटेंशन करंट से बालक की मौत, हंगामा
मुजफ्फरनगर, तितावी। क्षेत्र के गांव भमेला में हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से 11 साल के बालक की मौत हो गई। परिजनों ने शव रखकर मुआवजे के लिए ग्रामीण और भाकियू नेताओं के साथ मिलकर हंगामा कर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में पांच लाख रुपये का चेक पीड़ित परिजनों को देने के बाद शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
तितावी के गांव भमेला निवासी कर्मवीर का 11 वर्षीय बेटा हर्ष शनिवार सुबह करीब नौ बजे हाथ में एक बड़ा डंडा लेकर अपनी ट्यूबवेल पर जा रहा था। जब वह खेत के पास पहुंचा तो वहां से गुजर रही 11 हजार की लटके विद्युत तारों की चपेट में डंडा आ गया, जिससे करंट लगने से हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। विद्युत तार लटके होने से हुए हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों तथा भाकियू और भारतीय किसान संगठन के लोगों ने हंगामा कर धरना प्रदर्शन दिया। जानकारी पर एसडीएम सदर दीपक कुमार, सीओ फुगाना सोमेंद्र नेगी, एसडीओ अंकित व्यास, जसोई बिजलीघर का जेई धर्मबीर सैनी, बघरा बिजलीघर का जेई अविनाश पांडेय भी पहुंच गए। ग्रामीण 25 लाख के मुआवजे की मांग करने लगे तब तक लाश नहीं उठने देने पर अड़ गए। बाद में पांच लाख के चेक पर सहमति बनी। यह भी तय हुआ कि पूरी लाइन को ऊंची की जाएगी। पांच लाख रुपये का चेक एसडीएम ने परिजनों को दिया। इसके बाद शव उठने दिया गया। प्रदर्शन करने में सतेंद्र पुंडीर, विकाश शर्मा, कुशलपाल, नरेश पुंडीर, बबली शर्मा, वेदपाल, रामदिया, जितेंद्र प्रधान आदि मौजूद रहे।