मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को शहर के जीआईसी ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में रैली को संबोधित करेंगे। हेलीपैड से लेकर जनसभा तक जीआईसी ग्राउंड में ही बनाई गई है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में वह 85 मिनट रहेंगे।
सीएम योगी की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम इस तरह तय किया गया है कि वह जीआईसी मैदान में ही रहेंगे। उनका हेलीपैड पहले पुलिस लाइन में बनाने की बात चल रही थी, जो बाद में सुरक्षा की दृष्टि से जीआईसी के मैदान में ही बनाया गया है। जनसभा स्थल के पीछे ही हेलीपैड रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीआईसी के मैदान में 11 बजकर 45 मिनट पर पहुंच जाएंगे। 12 बजे वह जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। इस बीच पार्टी नेता हेलीपैड पर उनका स्वागत करेंगे। मंच के पीछे ही एक रूम बनाया गया है। यहां पर वह शहर के कारोबारियों से मिलेंगे। मुख्यमंत्री एक बजकर दस मिनट तक राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में रहेंगे।
कुल 85 मिनट वह रैली स्थल पर रहेंगे। मुख्यमंत्री जब तक जीआईसी मैदान में रहेेंगे, पुलिस का सुरक्षा चक्र रहेगा। सुरक्षा में किसी तरह की कोई चूक न हो, इसलिए समस्त कार्यक्रम जीआईसी में रखे गए हैं। जीआईसी में रैली के बाद वह मेरठ और उसके बाद गाजियाबाद में जनसभा को संबोधित करेंगे।
एबी पॉजीटिव ब्लड ग्रुप है सीएम का
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ब्लड एबी पॉजीटिव है। मुख्यमंत्री का जो कार्यक्रम आया है, उसमें ब्लड एबी पॉजीटिव बताया गया है। जब तक मुख्यमंत्री सभा स्थल पर रहेंगे, एबी पॉजीटिव ब्लड के साथ डॉक्टरों की टीम भी सभा स्थल पर मौजूद रहेगी।
वाटरप्रूफ बनाया गया योगी का मंच
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में सीएम की रैली का मंच वाटरप्रूफ बनाया गया है। साथ ही सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। जनता के लिए तीन हजार कुर्सियों के साथ खुली जगह भी छोड़ी गई है। प्रशासनिक अफसरों ने दिनभर रैली स्थल पर मौजूद रहकर व्यवस्थाएं परखीं। शुक्रवार को भाजपा नेताओं और अफसरों ने रैली स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के लिए बनाया गया मंच पूरी तरह मजबूत रहेगा। जीआईसी मैदान के एक कोने में बनाए गए मंच के सामने 3000 कुर्सियां बिछाई गई हैं। पार्टी नेताओं के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। मीडिया के बैठने का स्थान अलग से बनाया गया है। शुक्रवार को रैली स्थल का सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, विधायक कपिलदेव अग्रवाल, विधायक उमेश मलिक, जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी ने निरीक्षण किया।
इसी के साथ पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने भी रैली स्थल को देखा, जो कमियां पाई गईं उन्हें दुरुस्त किया गया। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने मुख्यमंत्री के मंच को बनवाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता देवेश शर्मा को दी। देवेश शर्मा ने मौके पर मौजूद रहकर अपनी देखरेख में मंच तैयार कराया।
बीजेपी ने लगाई 200 बसें
मुजफ्फरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ की रैली के लिए बीजेपी ने 200 बसें लगाई हैं। इन बसों को सभी नगर निकायों के साथ कुछ गांवों में भी लगाया गया है। अब देखना यह है कि लोगों की संख्या कितनी रहती है।