मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। नोएडा में नौकरी कर रही एक किशोरी को नोएडा में साइबर कैफे चलाने वाले मीरापुर के रहने वाले दूसरे समुदाय के युवक ने नाम बदलकर प्रेमजाल में फंसा लिया। उसके साथ दुष्कर्म किया। बहाने से मीरापुर बुलाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी ने पुलिस से शिकायत की। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।
मूल रूप से सुल्तानपुर जनपद की रहने वाली एक किशोरी पिछले कई साल से नोएडा में रहकर नौकरी करती है। उसकी मुलाकात एक वर्ष पूर्व नोएडा में ही पड़ोस में साइबर कैफ़े चलाने वाले मीरापुर निवासी युवक शाहरुख से हो गई थी। मुलाकात के दौरान युवक ने खुद को हिन्दू बताया और उसे प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसके असली नाम की जानकारी लगी तो उसने विरोध करते हुए पुलिस से शिकायत करने की बात कही। आरोपी ने उसके साथ मारपीट की तथा मीरापुर आ गया।
शुक्रवार को आरोपी ने फोन करके बहाने से किशोरी को मीरापुर बुला लिया और अपने घर में जबरन उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता किसी तरह वहां से भाग कर थाने पहुंच गई। सूचना पर कई भाजपा कार्यकर्ता व हिन्दू संगठनों के लोग भी थाने पहुंच गए। पीड़िता ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है । थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ़्तार कर किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। आरोपी का चालान कर दिया है।