मुजफ्फरनगर। बोर्ड बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी से मारपीट के आरोप में जेल भेजे गए सभासद से मिलने चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल रविवार को जेल पहुंचीं। सभासद से मिलने के बाद चेयरपर्सन ने साजिश के तहत उन्हें जेल भिजवाए जाने का आरोप लगाया।
नगरपालिका के नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार ने गत एक अक्तूबर को हुई बोर्ड बैठक में वार्ड-23 के सभासद प्रवीण मित्तल उर्फ पीटर और वार्ड-32 के सभासद आईआईए चेयरमैन विपुल भटनागर पर मारपीट और बदसलूकी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुक्रवार रात आरोपी सभासद प्रवीण पीटर को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को जेल भेज दिया गया था। रविवार दोपहर चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल जिला कारागार पहुंचीं और सभासद प्रवीण पीटर से मुलाकात की। करीब आधा घंटे तक हुई मुलाकात के बाद जेल से बाहर आकर चेयरपर्सन ने कहा कि एक साजिश के तहत सभासद प्रवीण पीटर को फंसाया गया है। पुलिस का उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना निंदनीय है। उन्होंने सभासद को भी हर हाल में उनके साथ खड़े होने का भरोसा भी जताया।