मुजफ्फरनगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए संभावित तिथि जारी कर दी गई है। इसके साथ ही नए नियमों के मुताबिक दसवीं के छात्र दो बार बोर्ड परीक्षा देंगे। बारहवीं के छात्रों को पहले नियमों के अनुसार एक ही बार बोर्ड परीक्षा देनी होगी। विद्यालयों में शिक्षकों ने छात्रों को नई नीतियों से अवगत कराने साथ-साथ क्रमबद्ध और तनावमुक्त होकर तैयारी करने के लिए निर्देशित कर रहे हैं।
न्यू हॉराइजन पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि एनईपी के तहत सीबीएसई ने कई बदलाव किए हैं। दसवीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एक बार फरवरी और दूसरी मई में होंगी। पहली परीक्षा के लिए संभावित तिथि 17 फरवरी तय की गई है। छात्रों के बेहतर प्रदर्शन और तनावमुक्त शिक्षा प्रणाली के लिए यह योजना बनाई गई है।
एमजी वर्ल्ड विजन की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनंत ने बताया कि इस प्रकार की प्रणाली से छात्रों को तनावमुक्त शिक्षा दी जा सकेगी। पहली परीक्षा में अच्छा स्कोर नहीं कर पाते तो मई में दूसरा मौका रहेगा। सीबीएसई से सर्कुलर प्राप्त होने के बाद से ही छात्रों को बदलावों से अवगत कराया जा रहा है। इसके साथ ही लगन और क्रमबद्धता के साथ तैयारी करने के लिए। निर्देशित भी किया जा रहा है ताकि परीक्षा के समय का दवाब न हो।