मोरना (मुजफ्फरनगर)। ककरौली में स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में धोखाधड़ी व षड्यंत्र कर फर्जी वाउचर बनाकर ग्राहकों के खातों से एक करोड़ 16 लाख रुपये निकालने के घोटाला प्रकरण में फरार चल रहे निलंबित कैशियर के घर कुर्की की कार्रवाई की गई है।
नोएडा के सहायक महाप्रबंधक आरपी सिंह द्वारा घोटाला प्रकरण की जांच के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश कुमार ने चार जुलाई 2019 को ककरौली थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अनुसार कैंटीन ब्वाय मनोज कुमार ने शाखा प्रबंधक चंद्रमोहन शर्मा, फील्ड आफिसर राकेश शर्मा, कैशियर वीर बहादुर और रविंद्र दयाल से साज खाकर बैंक की कनेक्टिविटी खराब करके विड्रोल फार्म पर अंगूठा व हस्ताक्षर कराकर 63 उपभोक्ताओं के खातों से एक करोड़ 16 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल लिए थे। पुलिस ने कैंटीन ब्वाय मनोज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचक इंस्पेक्टर डा. बृजेश प्रताप सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को न्यायालय के आदेश पर आरोपी कैशियर वीर बहादुर निवासी गांव रतनपुर थाना हीमपुर दीपा जिला बिजनौर के घर पर कुर्की की कार्रवाई की गई है जबकि दूसरे अभियुक्त कैशियर रविंद्र दयाल निवासी मेहर अलीपुर थाना नटौर जिला बिजनौर ने कोर्ट में समर्पण कर दिया है। शाखा प्रबंधक चंद्रमोहन अभी फरार चल रहे हैं।