मुजफ्फरनगर/खतौली। दिल्ली-दून हाईवे पर रतनपुरी जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे ट्रांसपोर्टर का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर नकदी लूट ली। वारदात के बाद बदमाश उसको रतनपुरी क्षेत्र में फेंककर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी सलीम ट्रांसपोर्ट का काम करता है। शनिवार रात वह मंगलौर में गाड़ी खड़ी कर वहां से घर लौट रहा था। हाईवे पर बस परिचालक ने सलीम को भैंसी कट के पास स्थित होटल के पास छोड़ दिया, जिसके बाद वह पुल के नीचे खड़े होकर गांव जाने के लिए गाड़ी का इंतजार करने लगा। कुछ देर बाद कार सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और उसे जबरन गाड़ी में डाल लिया। पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने गाड़ी चलते ही पिस्टल निकालकर उसके सिर पर तानते हुए उसके पास मौजूद भाड़े के 20 हजार रुपये व दो मोबाइल लूट लिए और रतनपुरी क्षेत्र में फेंककर फरार हो गए।
सलीम ने किसी तरह डायल-112 को कॉल कर घटना की जानकारी दी, जिसकी सूचना पर थाना रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल खतौली का बताते हुए पीड़ित को टरका दिया। इसके कुछ देर बाद खतौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित से घटना की जानकारी ली। रविवार को दिनभर पीड़ित तहरीर लेकर कार्रवाई के लिए खतौली थाने के चक्कर काटता रहा, लेकिन पुलिस ने महज मोबाइल गुमशुदगी की तहरीर लेकर मामले को रफा-दफा कर दिया। सीओ राकेश सिंह का कहना है कि मामला आपसी विवाद का था, जिसे लूट का रंग दिया जा रहा है। मोबाइल गुम होने की तहरीर पीड़ित द्वारा दी गई थी, जिसे दर्ज कर लिया गया है।