रतनपुरी। गांव भनवाड़ा निवासी अब्दुल ने पुराने मामले में कोर्ट के आदेश पर छह लोगों को नामजद करते हुए जानलेवा हमला और लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
अब्दुल रहमान ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि गांव के ही रियासत एवं शराफत, जुल्फिकार, सोनू एवं मारूफ, नाजिम निवासी गांव भनवाड़ा ने 17 फरवरी को पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर हमला किया था। उस समय उसका पुत्र अनवर, पत्नी भूरी तथा भाभी अफसाना घर पर मौजूद थे। आरोपियों ने उसके पुत्र अनवर पर जान से मारने की नियत से तमंचे से फायर भी किया। इसके बाद जब उसकी पत्नी भूरी और उसकी भाभी अफसाना उसके पुत्र अनवर को बचाने आई, तो आरोपियों ने बदतमीजी की।
शोर की आवाज सुनकर अन्य पड़ोसियों के आने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। रतनपुरी थाने पर घटना के संबंध में तहरीर दी। पांच अप्रैल को उसने एक प्रार्थना पत्र एसएसपी मुजफ्फरनगर को भी दिया, लेकिन इसके बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। तब उसने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम को अपना प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश पर थाना प्रभारी रतनपुरी ने उक्त मामले में मुकदमा पंजीकृत किया है।