जिले के किसानों को गन्ने की पर्ची न मिलने का मामला प्रधानमंत्री ऑफिस तक पहुंच गया है। पीएमओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के गन्ना आयुक्त को इस समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। मामला पीएमओ तक पहुंचने पर जिला स्तरीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। डीसीओ ओमप्रकाश ने आनन फानन में परेशान महिला किसान समेत अन्य किसानों के इंडेंट जारी करवा दिया है।
इन दिनों अपने खेतों में खड़े गन्ने को लेकर किसान परेशान हैं, क्योंकि उन्हें गन्ना समितियों से पर्याप्त इंडेंट नहीं मिल पा रहा है। किसान इस मुद्दे को लेकर आंदोलन की राह पर हैं। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव सोंटा निवासी महिला किसान बबीता राठी का भी करीब 40 बीघा गन्ना खेतों में खड़ा है।
मंसूरपुर गन्ना समिति द्वारा उसका इंडेंट जारी नहीं किया जा रहा था। आंदोलन जनकल्याण के संयोजक प्रमोद कुमार ने 17 अप्रैल को महिला किसान समेत क्षेत्र के अन्य किसानों की इस समस्या को प्रधानमंत्री ऑफिस में दर्ज कराया। पीएमओ द्वारा इस समस्या को गंभीरता से लिया गया और प्रदेश के गन्ना आयुक्त को इसके लिए निेर्देशित किया गया।
आनन फानन में महिला किसान बबीता को मंसूरपुर समिति पर बुला कर कुछ इंडेंट जारी कर दिया गया। डीसीओ ओमप्रकाश यादव ने बताया कि पीडित महिला किसान को पूरे गन्ने का इंडेंट जारी किया जाएगा। बृहस्पतिवार को उसे समिति की ओर से तीन पर्ची जारी कर दी गई है। अन्य किसानों को भी इंडेंट जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।