संवाद न्यूज एजेंसी
छपार। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल आ रहे दिल्ली निवासी कांवड़िये जयदेव (27) की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजनों ने अब अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दिल्ली के उत्तम नगर निवासी 27 वर्षीय जयदेव पुत्र रामसेवक हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल लेकर पैदल दिल्ली जा रहा था। 28 जुलाई की रात्रि में जब वह रामपुर चौराहे के निकट एक ढाबे के सामने पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे थे और पोस्टमार्टम करा कर शव अपने साथ ले गए थे।
शव का अंतिम संस्कार करने के बाद अब परिजन छपार थाने पहुंचे। मृतक के छोटे भाई ओम ने शनिवार को थाने में अज्ञात वाहन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी देख कर कार्रवाई की जाएगी।