संवाद न्यूज एजेंसी
मीरापुर। ग्राम कासमपुर खोला व रामसर साइट हैदरपुर वेटलैंड क्षेत्र से काटी गई लाखों रुपयों की कीमत की खैर की लकड़ी के मामले में वन क्षेत्राधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। दो नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की है।
गांव कासमपुर खोला व रामसर साइट हैदरपुर वेटलैंड क्षेत्र के जंगल से लकड़ी तस्करों ने लाखों रुपयों की कीमत की खैर के पेड़ काटकर चोरी कर लिए थे। जांच के बाद डीएफओ कन्हैया लाल पटेल ने वन दरोगा रवि कुमार को सस्पेंड कर दिया था।
शनिवार दोपहर सस्पेंड दरोगा रवि कुमार ने दो नामजद व पांच अज्ञात लकड़ी तस्करों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से साफ इनकार कर दिया था। देर रात वन क्षेत्राधिकारी आरिफ जमाल खा ने जनपद बिजनौर के नजीबाबाद निवासी मेहरूदीन व कस्बा चांदपुर के सैदाबाद निवासी मुस्तफा का नामजद, पांच अज्ञात के विरुद्ध थाने में तहरीर दी।
-
पुलिस ने वन क्षेत्राधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि लकड़ी तस्करों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में और भी कई नाम प्रकाश में आए हैं।