नगरपालिका स्टेनो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी ने पालिका के स्टेनो गोपाल त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्टेनो पर वर्ष 2015-16 के दौरान नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं द्वारा विभिन्न मदों में भुगतान किए गए 4.34 लाख की अनियमितता का आरोप है।
नगरपालिका ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2015-16 के दौरान नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज की 16 अध्यापिकाओं द्वारा विभिन्न मदों में 4.34 लाख 390 रुपये का भुगतान नगरपालिका को किया गया था। ईओ का आरोप है कि स्टेनो गोपाल त्यागी ने जान बूझकर कूट रचना कर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए इन रुपयों को प्राप्त किए जाने के बावजूद इसका कोई उल्लेख नगरपालिका के संबंधित रजिस्टरों में नहीं किया गया। यह राजकीय धन की गंभीर वित्तीय अनियमितता है, जिसके चलते स्टेनो के खिलाफ विधिक कार्रवाई किया जाना औचित्यपूर्ण है। पुलिस ने ईओ की तहरीर के आधार पर स्टेनो गोपाल त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।