मुजफ्फरनगर। कुख्यात संजीव जीवा के अलावा पायल माहेश्वरी, सभासद प्रवीण पीटर व कई अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, बंधक बनाने, रंगदारी मांगने सहित कई गंभीर धाराओं में मुुकदमा दर्ज कराया गया हैं। पीड़ित कारोबारी ने आरोपियों से जान को खतरा भी जताया हैं।
नई मंडी संजय मार्ग पटेल नगर निवासी कारोबारी मनीष गुप्ता ने मुकदमा लिखाया कि लक्ष्मण विहार नई मंडी निवासी सुनील गोयल से उनके डेयरी प्लांट का सौदा उन्होंने वर्ष 2018 में चार करोड़ एक लाख में किया गया। 11 जुलाई 2018 से डेयरी का संचालन किया। उसमें पटेल नगर निवासी सचिन अग्रवाल को साझेदार रखा। सचिन अग्रवाल ने कोई भुगतान न कर आधी साझेदारी का दबाव बनाया। 9 फरवरी 2019 को सचिन ने अमित गोयल उर्फ अमित बौना व अमित माहेश्वरी को उनके घर भेजा। सचिन भी कई लोगों के साथ आया और तमंचे से फायर किया। संजीव जीवा के नाम की धमकी देने लगे। उनकी पत्नी के फोन करने पर पुलिस आई लेकिन सभी आरोपी फरार हो गए। घबराकर परिवार सहित पीड़ित ने अलीगढ़ रहना शुरू कर दिया और डेढ़ साल बाद वापस आए।
अगस्त 2020 में सचिन ने मामला सुलझाने के लिए पंचमुखी स्थित प्रवीण मित्तल पीटर के घर बुलाया। आरोप है कि बंधक बनाकर शुभम बंसल, शैंकी, सचिन व प्रवीण ने पीटा। कनपटी से तमंचा लगाते हुए हत्या की धमकी देकर 13 लाख देने को कहा। रुपये देने का वादा कर पीड़ित किसी तरह आया। इस रकम का भुगतान कराया गया। सितंबर 2021 में पीटर ने संजीव जीवा का संदेश बताते हुए हत्या की धमकी देकर उससे कूकड़ा स्थित 153 गज का प्लाट अमित माहेश्वरी की पत्नी अनुराधा के नाम बैनामा करा लिया। एक दुकान के कागजातों पर पीटर ने हस्ताक्षर करा लिए। क्रेटा गाड़ी की डाउन पेमेंट के एवज में 4 लाख 46 हजार रुपये खाते में जमा करा लिए। पीड़ित ने फर्जी मुकदमों में फंसाने व आरोपियों से जान का खतरा जताया है।
संजीव जीवा आदि पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ है। इनमें जीवा के रिश्तेदार व परिचित है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। - अर्पित विजय वर्गीय, एसपी सिटी।
सपा नेता की चल रही जांच
बताया जा रहा है कि नामजद आरोपियों में सपा नेता भी है। पुलिस का कहना है कि इस तथ्य की जांच कराई जा रही है।
इनके खिलाफ हुआ मुकदमा
-पटेल नगर नई मंडी निवासी सचिन अग्रवाल पुत्र नरेंद्र अग्रवाल।
- नई मंडी निवासी अमित गोयल उर्फ अमित बौना।
- नई मंडी निवासी अमित माहेश्वरी।
- प्रेमपुरी निवासी संजीव माहेश्वरी उर्फ संजीव जीवा।
- नई मंडी निवासी शुभम बंसल।
- नई मंडी निवासी शैंकी मित्तल।
- शहर कोतवाली के मोहल्ला पंचमुखी निवासी प्रवीण मित्तल उर्फ पीटर।
- नई मंडी निवासी अनुराधा माहेश्वरी पत्नी अमित माहेश्वरी।
- नई मंडी निवासी पायल माहेश्वरी।