शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा में वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी व अन्य ग्रामीणों द्वारा किए पथराव को लेकर पुलिस ने आठ लोगों को नामजद करते हुए 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है । पुलिस ने वारंटी व एक अन्य को गिरफ्तार कर चालान कर दिया ।
थाना क्षेत्र के गांव कसेरवा निवासी अरशद उर्फ बंदर थाने का हिस्ट्रीशीटर व टॉप टेन हैं। पूर्व में अवैध हथियार बरामदगी के मामले में उसके विरुद्ध न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किए थे । शुक्रवार देर रात पुलिस उसे पकड़ने के लिए उसके घर पहुंची और हिरासत में लेकर जैसे ही चलने लगी, तो वहां एकत्रित ग्रामीणों ने आरोपी को छुड़ाने की कोशिश कर पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसमें पुलिस की जीप क्षतिग्रस्त हो गई । वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम ने इसकी सूचना थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही को दी। सूचना पाकर अधिकारियों को जानकारी देेने के बाद थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे। कुछ देर बाद ही सीओ बुढ़ाना विनय गौतम भी कई थानों की फोर्स के साथ गांव में पहुंचे थे। आरोपी वारंटी व पुलिस पर पथराव करने वाले एक अन्य आरोपी अमजद को हिरासत में ले लिया गया। उसे पुलिस थाने ले आयी थी। पुलिस पर हुए पथराव के संबंध में हलका इंचार्ज एसआई प्रमोद कुमार ने 8 लोगों को नामजद करते हुए 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया हैं। पुलिस ने हिरासत में लिये आरोपियों का चालान कर दिया।