मुजफ्फरनगर। सर्कुलर रोड स्थित बीएसए कार्यालय पर वरिष्ठ लिपिक का धरना 52 दिनों से जारी है। उन्होंने हस्तलिखित बैनर पर वेतन भुगतान और लंबित समस्याओं को लिखकर निस्तारण की मांग की है।
वरिष्ठ लिपिक व उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अशोक मलिक ने बैनर में हाथ से धरने पर बैठने के कारणों को गिनाया है। इसके साथ ही बीएसए संदीप कुमार की कार्यशैली पर प्रश्नचिह्न लगाए हैं। उनका कहना है कि एक साल से उनका वेतन नहीं मिल रहा है। 25 जून 2025 को नियमों का उल्लंघन कर उनका स्थानांतरण बीएसए कार्यालय से नगर क्षेत्र में कर दिया गया था।
इसके बाद से उनका वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आठ मई से धरना शुरू किया था लेकिन अभी उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया है। बीएसए संदीप कुमार का कहना है कि स्थानांतरण के बाद ज्वाइन नहीं करने के कारण वेतन रुका हुआ है। इसके साथ ही अशोक मलिक पर कार्यालय की पत्रावलियों को गायब करने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज है। जांच चल रही है। दबाव बनाने के लिए धरने का सहारा लिया जा रहा है।