मंसूरपुर नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर होंडा सिटी कार कंटेनर के पीछे जा घुसी। जिसमें सवार एक वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक सहित एक ही परिवार से महिलाओं, बच्चों सहित सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार की बॉडी को काटकर बमुश्किल घायलों को बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में घायलों को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
उड़ीसा का एक परिवार गुरुग्राम (गुड़गांव) में रहकर नौकरी करता है। सोमवार सुबह करीब आठ बजे गुरुग्राम में रहने वाले बंदोनाथ (60) हरिद्वार से गंगा स्नान करके होंडा सिटी कार से लौट रहे थे। मंसूरपुर नेशनल हाईवे पर बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के सामने चालक को झपकी लग गई। जिससे कार अनियंत्रित होकर आगे जा रहे कंटेनर में जा घुसी और पीछे से दूसरी कार ने टक्कर मार दी। कार में सवार बंदोनाथ की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कंटेनर के पीछे घुसी कार की बॉडी को काटकर बंदोनाथ के शव सहित घायल बिन्नी पत्नी रोहित, इस्मिता पत्नी वैसचीन, 60 वर्षीय मनोरमा पत्नी कविराज, 6 साल की बच्ची पिहा, 9 साल का बालक दुरुपत और एक अन्य बालक के अलावा चालक गिरपत को बमुश्किल बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में घायलों को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
सडक़ हादसे में एक की मौत, पांच घायल
मोरना। थाना भोपा क्षेत्र के गांव ककराला निवासी रमेश पुत्र शिशु कश्यप भैंसा बुग्गी से भाड़े का कार्य करता है। सोमवार को रमेश गांव के ही अखिलेश, संतोष, गौरव, साक्षी, पायल, बगोती, दिव्या आदि को लेकर शुक्रताल पहुंचा। गंगा स्नान करके ये लोग लौट रहे थे। शनिधाम के सामने रमेश के भैंसे ने अपना संतुलन खो दिया। दौड़ते हुए भैंसे का बिगड़ता देखकर लोगों में भगदड़ मच गई। दूसरे लोगों को बचाने के प्रयास में रमेश ने भैंसे के आगे जाकर उसे रोकने का प्रयास किया।
जिससे वह गिर पड़ा तथा उसका सिर बुग्गी के पहिए के नीचे आ गया। जिससे रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मौके पर पहुंचे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। एक अन्य हादसे में गांव इलाहाबास निवासी शुक्रताल स्थित वन विभाग कार्यालय में कार्यरत सोहनवीर पुत्र मंगलू अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। रास्ते में श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइड मार दी।
जिससे सोहनवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। थाना खतौली क्षेत्र के गांव अंती निवासी विक्रांत पुत्र गजपाल गंगा स्नान मेले में शुक्रताल आया था। पैदल जाते समय शुकदेव सिटी के सामने भैंसा बुग्गी ने उसको टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य सड़क हादसों में तीन लोग और घायल हो गए।
युवक की मौत, पत्नी और भाभी घायल
पुरकाजी। थाना छपार के गांव खुड्डा निवासी मोनू (26) पुत्र सरमोर सिंह सोमवार सुबह पत्नी पिंकी और भाभी कोमल के साथ बाइक से लक्सर जा रहा था। रास्ते में हाईवे पर गांव फलौदा के निकट एक वाहन को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक फिसल गई, जिसमें बाइक पर सवार सभी लोग घायल हो गए जिन्हें आसपास के लोगों ने पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया।
उपचार कराने के बाद मोनू अपनी बाइक लेकर फिर लक्सर के लिए चल दिया। रास्ते में गांव झबरपुर के पास हालत खराब होने पर वह बाइक से गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। उधर, सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और किसी भी पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों के हवाले कर दिया।