गन्ने से लदी ट्रॉली के नीचे फंसी कार।
- फोटो : अमर उजाला
मंसूरपुर हाईवे पर स्विफ्ट कार गन्नों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। कार सवारों की चीख पुकार सुनकर राहगीर मौके ही ओर दौड़े। पुलिस और राहगीरों ने क्षतिग्रस्त कार की बाडी से घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला। महिलाओं समेत पांच लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
सहारनपुर निवासी अंकुर गुप्ता पत्नी आंचल गुप्ता, मां कुंदेश गुप्ता और 12 साल के पुत्र देव गुप्ता को स्विफ्ट कार से बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:00 बजे दिल्ली लेकर जा रहा था। कार को चालक राहत चला रहा था। मंसूरपुर हाईवे पर बस अड्डे के पास किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में गन्ना लेकर शुगर मिल में डालने के लिए जा रहा था। किसान ने अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली को मिल की ओर मोड़ लिया। इसी दौरान तेजी से आ रही कार ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। ट्रॉली से टकराकर कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों की चीख निकल पड़ी।
राहगीरों और पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार की बाडी से घायलों को बाहर निकाला। घायल अंकुर गुप्ता, आंचल गुप्ता, कुंदेश, देव गुप्ता और चालक राहत को एंबुलेंस के द्वारा बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे के दौरान काफी लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने गन्नों से भरी ट्रैक्टर से फंसी कार को बाहर निकालकर सड़क किनारे खड़ा किया, तब कहीं जाकर एक घंटे बाद जाम खुल सका। घायलों की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।