पुरकाजी बाईपास पर हवा में उछली कार, दो घायल
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। पुरकाजी बाईपास पर हरियाणा निवासी लोगों की कार कई फुट हवा में उछलकर सड़क पर आ गिरी, जिसमें कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हरियाणा के जनपद पलवल के गांव धतीर निवासी हमबीर, सुभाष और जगबीर रविवार को शामली में किसी समारोह में आए हुए थे। वहां से तीनों अपनी आई-10 कार से हरिद्वार घूमने जा रहे थे। शाम करीब चार बजे पुरकाजी बाईपास पर गुप्ता चाट भंडार के निकट उनकी कार अचानक हवा में कई फुट उछलकर सड़क पर गिर गई। हमबीर और सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके से आसपास के दर्जनों लोग मौके पर जमा हो गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा भी मौके पर पहुंच गए और मौके पर मिले कार सवार जगबीर से दुर्घटना के बारे में जानकारी ली। उसने बताया कि बराबर में बैठे साथी का हाथ अचानक स्टेयरिंग पर लग गया। इससे अनियंत्रित हो रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से वह हवा में उछल गई थी।