छापामारी करने पहुंची आयकर विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
आयकर विभाग की टीम ने सोमवार शाम शिवचौक स्थित केएम एंड कंपनी के यहां छापामारी की। टीम ने कंपनी का रिकॉर्ड कब्जे में लेकर पूछा कि उन्होंने अपनी कितनी आय घोषित की है। देर रात तक आयकर अधिकारी मामले की जांच-पड़ताल कर रहे थे।
घोषित आय से ज्यादा पैसा बैंकों में जमा कराने वालों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में शामिल करने के लिए आयकर विभाग अभियान चला रहा है। इसी अभियान के तहत अब तक आठ स्थानों पर विभागीय अधिकारी छापामारी कर चुके हैं। जिले में 1200 लोगों को नोटिस जारी हो चुके हैं। इनमें 400 ऐसे लोग हैं, जिन्होंने बैंकों में एक करोड़ से अधिक जमा किया है।
सोमवार की शाम आयकर अधिकारी केपी अनुरागी और विवेकानंद के नेतृत्व में टीम ने शिवचौक पर केएम एंड कंपनी के यहां छापा मारा। कंपनी का रिकार्ड अधिकारियों ने कब्जे में लिया। यह देखा जा रहा है कि कंपनी ने अपनी घोषित आय कितनी दिखाई है और जमा पैसे से वह कितना मेल खा रही है। टीम के अधिकारियों ने बताया कि अभियान देर रात तक चलेगा। समस्त रिकार्ड खंगाला जा रहा है।