मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के लिंक रोड पर नई मंडी कोतवाली पुलिस व थाना एएचयूटी की टीम ने बुद्धा कैफे पर छापा मारा। कैफे के अंदर बने कई केबिनों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। इसके बाद कैफे को सील कर दिया गया। मालिक सहित तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
सीओ नई मंडी रुपाली राय ने बताया कि शनिवार शाम सूचना मिली थी कि नई मंडी क्षेत्र में लिंक रोड पर स्थित बुद्धा कैफे में अनैतिक कार्य कराया जा रहा है। तब उन्होंने नई मंडी कोतवाली व एएचयूटी पुलिस टीम के साथ कैफे पर छापा मारा। कैफे के बाहर रेस्टोरेंट बनाया गया था, जबकि अंदर कई केबिन बनाए गए थे। वहां जांच करने पर यह भी जानकारी मिली थी कि वहां पर युवक व युवती को बैठाने के लिए पैसा लिया जाता है। जांच पड़ताल करने पर केबिनों के अंदर से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने इस सामान को कब्जे में ले लिया और कैफे को सील कर दिया। सीओ नई मंडी ने बताया कि आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने पर इस बारे में अधिकारियों को जानकारी दी गई थी।
कैफे में अनैतिक कार्य कराया जा रहा था। कैफे के मालिक उज्जवल व दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। उनके खिलाफ नई मंडी कोतवाली पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा हैं। मुकदमा सीओ की तहरीर पर दर्ज करने की करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।