सीएए बवाल के आरोपी सपा नेता मुजम्मिल राना को गिरफ्तार करती पुलिस।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सीएए बवाल का आरोपी सपा नेता गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में एक साल पूर्व शहर क्षेत्र में हुई हिंसा के मुख्य मुकदमे में नामजद समेत दो अन्य मुकदमों में वांछित सपा नेता मुजम्मिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी सोमवार को किसान आंदोलन के तहत हिरासत में लिए गए सपा नेताओं के साथ पुलिस लाइन क्षेत्र में घूम रहा था, जिसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
सीएए कानून के विरोध में 20 दिसंबर 2019 को शहर क्षेत्र में हिंसा हुई थी। इस दौरान शहर के मीनाक्षी चौक के साथ ही सिविल लाइंस क्षेत्र के मदीना चौक क्षेत्र में बड़ी संख्या में वाहनों को फूंकने के साथ ही पुलिस टीम पर भी सुनियोजित तरीके से हमले किए गए थे। वहीं, शहर क्षेत्र स्थित दो बैंकों में भी तोड़फोड़, आगजनी व लूटपाट के प्रयास भी किए गए थे। बवाल थमने के बाद शहर कोतवाली व सिविल लाइंस थाने में कई मुकदमे दर्ज किए गए थे। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि सीएए बवाल से संबंधित शहर कोतवाली के मुकदमे में गांव सुजड़ू निवासी मुजम्मिल भी नामजद आरोपी था। इसके अलावा भी वह बवाल के दो अन्य मुकदमों में वांछित चल रहा था। बवाल आरोपी मुजम्मिल सपा के सह संगठन मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड में प्रदेश सचिव पद पर है, जो सोमवार को किसान आंदोलन के दौरान हिरासत में लिए गए सपा नेताओं के साथ पुलिस लाइन क्षेत्र में घूम रहा था। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि जानकारी मिलने पर आरोपी मुजम्मिल को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।