शुक्रवार को शहर के न्याजूपुरा में मामूली बात पर हुए विवाद को लेकर मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रामलीला टिल्ला पर बाइक की साइड लगने की मामूली घटना को लेकर बखेड़ा हो गया। साइड लगने से कुछ युवकों ने बाइक सवार की पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उससे नगदी भी छीन ली। जिस पर न्याजूपुरा के ग्रामीणों ने एकत्र होकर खूब हंगामा किया। मामला दो समुदाय के युवकों के बीच का होने पर एसएसपी ने शहर के तीनों थानों की फोर्स के साथ मौके पर जाकर लोगों को समझा बुझा कर शांत किया। देर रात्रि तक तहरीर देने की तैयारी चल रही थी। एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि बाइक की साइड लगने से युवकों के बीच मारपीट की घटना हो गई थी, जिसमें कार्रवाई की जा रही है।
गांव न्याजूपुरा निवासी शौकीन पुत्र शहजाद शुक्रवार रात्रि करीब आठ बजे शहर से बाइक से अपने गांव जा रहा था। रास्ते में मोहल्ला रामलीला टिल्ला पर कुछ युवक खडे़ थे। शौकीन की बाइक की साइड एक युवक को लग गई। जिसको लेकर उनमें कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों ने शौकीन को दबोच कर हमला कर उसे घायल कर दिया तथा उसके पास से करीब छह सौ रुपये भी छीन लिए। घायल शौकीन ने गांव जाकर परिजनों को इस बारे में जानकारी दी। उसके पिता ने प्रधान पति नूरहसन को बताया। युवक पर हमले को लेकर न्याजूपुरा के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया तथा गांव के चौराहे पर एकत्र होकर हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, मगर ग्रामीण शांत नहीं हुए।
दो समुदाय के युवकों के बीच झगडे़ की खबर को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी दीपक कुमार नई मंडी, सिविल लाईन थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित पक्ष से जानकारी लेकर उनकी बातों को सुना। एसएसपी ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया। देर रात तक इस संबंध में शहर कोतवाली पर तहरीर देने की कार्रवाई जारी थी। उधर, एहतियातन रामलीला टिल्ला और न्याजूपुरा मार्ग पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।