मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में भोपा रोड पर प्राइवेट बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में टिहरी पेपर मिल के कर्मचारी बाइक चालक गांव चलसीना निवासी संजीव (55) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर भाग गया।
थाना रतनपुरी के गांव चलसीना निवासी संजीव नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में भोपा रोड पर टिहरी पेपर मिल में वर्कशॉप में नौकरी करते थे। रोजाना की तरह वह बाइक पर सवार होकर गांव से डयूटी पर जा रहे थे। सुबह के समय जब वह भोपा रोड पर भागेश्वरी पेपर मिल के सामने पहुंचे तो पीछे से एक बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गए। चालक हादसे के बाद बस लेकर भाग गया। राहगीरों ने हादसे को देखकर घायल को जिला अस्पताल में पहुंचाया। वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मोबाइल की मदद से पहचान कर परिजनों को सूचना दी तो परिजन भी पहुंच गए बेटे अक्षय ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक के परिवार में दो बेटे अक्षय व वैभव व बेटी निशा व तनु है। बड़ी बेटी निशा की शादी हो चुकी है।