मंसूरपुर। नेशनल हाईवे पर चलती टाटा मैजिक गाड़ी में अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यात्री गाड़ी से कूदकर भाग निकले। देखते ही देखते गाड़ी धू-धूकर जलने लगी। लोगों ने आग को बुझाया, तब तक गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी। गनीमत यह रही कि हादसा टल गया और यात्री आग की चपेट में आने से बच निकले।
खतौली से मुजफ्फरनगर जाने के लिए कई टाटा मैजिक गाड़ियां चलती है। शुक्रवार की सुबह 11 बजे के करीब चालक गाड़ी में करीब एक दर्जन से अधिक यात्रियों को खतौली से बैठाकर मुजफ्फरनगर के लिए चला था। जिसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे। नेशनल हाईवे पर मंसूरपुर क्षेत्र में चालक ने इंजन में लगी वायरिंग से चिंगारियां निकलती देखी। चालक ने हाईवे पर ही टाटा मैजिक गाड़ी रोक दी। गाड़ी रोकते ही आग लगनी शुरू हो गई।
आग को देखकर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। गाड़ी से सभी यात्री कूदकर भाग निकले। यात्रियों के निकले ही आग ने पूरी गाड़ी को चपेट में ले लिया। देखते ही देखते गाड़ी आग का गोला बन गई। धू-धूकर गाड़ी को चलते देख आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने पानी, रेत व मिट्टी डालकर आग को बमुश्किल बुझाया। इतना आग बुझी, तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी।