25 मिनट में पास हुआ 150 करोड़ का बजट
मुजफ्फरनगर। विवादों में रहीं नगर पालिका की पिछली बोर्ड की बैठक इस बार बिना किसी ठोस विरोध के हुई। सभासदों ने 150 करोड़ के बजट के साथ ही अन्य प्रस्तावों को बहुमत से पास कर दिया। 19 अक्तूबर 2019 को हुई बैठक में फेल हुए 14 प्रस्तावों को भी हरी झंडी दे दी गई। करीब 25 मिनट चली बैठक के दौरान सभासदों ने कार्यों एवं अन्य मुद्दों को लेकर काफी हंगामा भी किया।
शनिवार सुबह 11 बजे टाउनहाल सभागार में जैसे ही चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने बैठक शुरू करने की घोषणा की तो सभासद प्रवीण पीटर, भाजपा सभासद दल के नेता प्रेमी छाबड़ा ने प्रस्ताव संख्या 259 को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। यह जानसठ रोड पर जलकल विभाग के एक पंप हाउस का पुन: निर्माण का प्रस्ताव है। इसे अगली बैठक में शामिल करने पर सहमति बनी। सभासद पूनम शर्मा ने पूरा एजेंडा पास करने को कहा तो विपुल भटनागर विरोध में खड़े हो गए। उन्होंने बजट पर सवाल खड़े किए लेकिन बाद में पूरे एजेंडे को पास करने पर सहमति जता दी। इसके बाद अरविंद धनगर, विपुल भटनागर, राजीव शर्मा, पवन कुमार, राहुल पंवार आदि ने भी एजेंडा पास करने पर सहमति जताई। करीब 25 मिनट चली बैठक में एजेंडे में शामिल वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए 150 करोड़ के बजट के साथ ही अन्य प्रस्तावों पर मोहर लगा दी गई। बैठक में ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी, स्टेनो गोपाल त्यागी, पूरन चंद आदि मौजूद रहे।
जेई मूलचंद को किया रिलीव, प्रधानाचार्या को हटाया
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका के निर्माण जेई मूलचंद की कार्यप्रणाली से नाराज सभासदों ने उन्हें तत्काल कार्य मुक्त करने का प्रस्ताव रखा। सभासदों ने हाथ उठाते हुए इस पर स्वीकृति दी और चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने उन्हें तत्काल रिलीव करने की घोषणा कर दी। इसके अलावा नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज की कार्यवाहक प्रधानाचार्या मीनाक्षी वर्मा को पद से हटाने का प्रस्ताव भी पास हो गया। प्रधानाचार्या पर कंप्यूटर लैब होने के बावजूद कंप्यूटर शिक्षा नहीं देने तथा पदीय दायित्वों का निर्वहन सही से नहीं करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव शामिल किया गया था। सभासदों ने इसे पास कर दिया।
चीन के खिलाफ निंदा प्रस्ताव
बोर्ड बैठक में चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने अपने संबोधन में सीमा पर चीन के रवैये तथा कोरोना वायरस को लेकर चीन की निंदा की। सभासदों ने चीन के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया। चेयरपर्सन ने कोरोना महामारी के दौरान पालिका कर्मचारियों द्वारा किए गए कार्य की सराहना की। बैठक के बाद सभासदों ने राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल के पिता रमेश चंद अग्रवाल एवं सभासद सुनील शर्मा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक जताया।
लाइव देखी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर। कोरोना महामारी के चलते टाउनहाल सभागार में सभासदों एवं चुनिंदा अधिकारियों के अतिरिक्त अन्य लोगों को जाने की अनुमति नहीं दी गई। डिप्टी कलक्टर अजय अंबष्ट व अन्य अधिकारियों ने ईओ कार्यालय में लगी एलईडी स्क्रीन पर बैठक की कार्रवाई को देखा।
बजट में इन विभागों पर होगा प्रमुख खर्च
विभाग अनुमानित बजट खर्च
पथ प्रकाश 04 करोड़
कर विभाग 03 करोड़
जलकल-पाइप लाइन 08 करोड़
सफाई कर्मचारी 40 करोड़
डीजल 05 करोड़
स्वास्थ्य विभाग 2.5 करोड़
सड़क-नाला निर्माण 30 करोड़
स्वच्छ भारत मिशन 15 करोड़
अमृत योजना 10 करोड़
कान्हा पशु योजना 03 करोड़
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन 05 करोड़