बसपा के राष्ट्रीय महासचिव हाजी नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने पार्टी छोड़ने वाले दो नेताओं के लिए कहा कि उनके जाने से बसपा पार्टी का कूड़ा साफ हो गया।
लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में शनिवार को पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य और पूर्व मंत्री आरके चौधरी खुद ही पार्टी छोड़ने का कारण बताएंगे।
कहा कि बसपा में आने से पहले उनके पास कोई गाड़ी नही थी और पार्टी छोड़ते वक्त उनके पास करोड़ों की गाड़ियां हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य कई दल बदल चुके हैं। बसपा में आने से पहले वे चार बार चुनाव लडे़, एक भी चुनाव नहीं जीते, बसपा में आने के बाद वे लगातार चुनाव जीतते आए हैं।
उन्होंने आरके चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि पेड़ की साख में यदि सड़न हो जाती है तो माली उसे काटकर फेंक देता है, अथवा वह स्वयं ही टूटकर गिर जाती है। बुढ़ाना विधान सभा पर पहले नईम मलिक की घोषणा और फिर उनका टिकट काट देने पर उन्होंने बताया कि नईम जनता के बीच अपना स्थान नहीं बना सके, इसी कारण उनका टिकट काटना पड़ा।