2017 में भर्ती हुए थे अनुज कुमार
गांव सिकंदरपुर निवासी अनुज कुमार पुत्र सत्यबीर सिंह एक मई 2017 को दिल्ली सेंटर से बीएसएफ में कांस्टेबल के रूप में भर्ती हुए थे। भर्ती होने से दो माह पूर्व एक मार्च 2017 को ही अनुज की शादी मेरठ के मटोर निवासी सोनिया के साथ हुई थी। जिससे उन्हें एक चार वर्ष का बेटा अविकुंज है।
फिलहाल अनुज की तैनाती पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद की 86 बटालियन में थी। उनकी यूनिट के एएसआई यशपाल सिंह ने बताया कि 30 अप्रैल को यूनिट में ही अनुज की तबीयत खराब हो गई थी, जिसे तुरंत यूनिट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में अनुज को हार्ट ब्लॉकेज की समस्या का पता चला।
इसके बाद अनुज को नाजुक हालत में कोलकाता एम्स रेफर किया गया। जहां पूर्ण हार्ट ब्लॉकेज के कारण एक मई की सुबह डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अनुज के शव को फ्लाइट से दिल्ली एयरपोर्ट भेजा गया।
वहीं, शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे अनुज का शव दिल्ली पहुंचा। जहां से 24 बटालियन के एसआई अनूप कुमार के नेतृत्व में बीएसएफ की टुकड़ी अनुज का शव लेकर दोपहर में गांव पहुंची। शव घर पहुंचते ही घर में गम का माहौल बन गया। सैनिक अनुज की पत्नी सोनिया, बहन प्रीति, भाई प्रवेश, माता संतोष और पिता सत्यवीर सिंह का रो-रोकर बुरा हाल था।
दिल्ली से आयी 24 बटालियन के जवानों ने पूरे सैनिक सम्मान के साथ मृत सैनिक अनुज को सलामी दी। इस दौरान तहसीलदार खतौली श्रद्धा गुप्ता, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी अक्षय शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने सैनिक के शव पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात सैनिक अनुज के खेत में ही उसके शव का अंतिम संस्कार किया गया। उसके अबोध बेटे अविकुंज ने शव को मुखग्नि दी। जिसे देखकर सभी की आंखें नम हो गईं।