जानसठ में बहन से रुपये छीनकर भागने वाले भाई को पकड़ कर ले जाती पुलिस।
- फोटो : KHATAULI
भाई ने 75 हजार छीने, बहन ने लूट का शोर मचाया
मुजफ्फरनगर, जानसठ। पानीपत खटीमा राज मार्ग पर तहसील के सामने युवती से उसका भाई ही 75 हजार रुपये छीनकर भाग निकला। युवती के शोर मचाने पर लोगों ने पीछा करते हुए युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस युवक को थाने ले गई। वहां बहन के किसी कार्रवाई से इंकार करने पर पुलिस ने युवक को थाने से ही छोड़ दिया।
दीपा पाल पुत्री हुसनपाल निवासी मीरापुर क्षेत्र के गांव जमालपुर बांगर ने पुलिस को बताया कि पकड़ा गया युवक हर्ष पाल उसका सगा भाई है, जो गुड़गांव में नौकरी करता है। उसके गुड़गांव में किसी महिला से संबंध हैं। महिला के दो बच्चे भी हैं। बृहस्पतिवार को वह जानसठ में बैंक से रुपए निकालने आई थी। जैसे ही बैंक से 75 हजार रुपए निकालकर बाहर निकली तो उसका भाई हर्ष पाल उसके हाथों से रुपए छीनकर भाग निकला। जो इन रुपयों की मदद से गुड़गांव में रहने वाली दो बच्चों की मां को भगा कर लाना चाहता था। इसलिए उसने रुपये लूटने का शोर मचा दिया। शोर मचाने पर लोगों ने दौड़कर उसके भाई को पकड़ लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी दीपक चतुर्वेदी का कहना है कि बहन ने भाई के खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। इसलिए उस युवक को थाने से छोड़ दिया गया।