संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। क्षेत्र के उकावली गांव में गोबर हटाने को लेकर हुए विवाद में भाई अर्जुन पाल ने अपनी बहन विधि (23) के सिर में फावड़ा मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। परिजन मृतका के शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए। पुलिस ने अधजला शव बरामद किया। डीएनए टेस्ट के लिए सैंपल भेजा गया है। पिता और चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार देर रात हमलावर अर्जुन पाल शराब के नशे में घर पहुंचा। इस दौरान गोबर हटाने को लेकर उसका बहन से विवाद हुआ और हत्या की वारदात अंजाम दी गई। शोर-शराबा सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस को जानकारी नहीं दी। शव को काफी देर तक घर में ही रखा गया।
इसके बाद परिवार और कुछ ग्रामीणों की मदद से रात करीब ढाई बजे श्मशान घाट ले गए, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंच गई। सिपाही रमन सिंह ने मृतका के भाई अर्जुन पाल, पिता कृष्णपाल और चचेरे भाई सौरभ को नामजद समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पिता और चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।