संवाद न्यूज एजेंसी
भौराकलां। थाना क्षेत्र के गांव शिकारपुर में किसान प्रदीप (45) की पड़ोसी ने धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी। सुबह के समय शव नलकूप पर पड़ा मिला। पत्नी पुष्पा ने शक के आधार पर पारिवारिक जेठ पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। लेनदेन के विवाद में हत्या किया जाना बताया जा रहा है।
गांव शिकारपुर निवासी किसान प्रदीप शनिवार दोपहर दो बजे घर से भौरा खुर्द मार्ग पर अपने खेतों में काम करने के लिए कह कर गया था। शाम तक भी वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने इधर-उधर उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। रात में ही चिंतित परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी। रविवार सुबह कुछ ग्रामीण जंगल में घूमने केे लिए गए थे। उन्होंने गढ़ी नौआबाद निवासी सुभाष के नलकूप पर पड़ी चारपाई के ऊपर प्रदीप का शव पड़ा देखा। प्रदीप की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान थे। ग्रामीणों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
उधर, मामले की जानकारी होते ही एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीओ फुगाना ऋषिका सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचीं। फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। प्रदीप के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे व दो बेटियां हैं।