शाहपुर। क्षेत्र के सोरम गांव में ईंट भट्टे की पथेर में जमा हुए बरसात के पानी में नहाते समय एक 11 वर्षीय आरव उर्फ अर्पित पानी में डूब गया। ग्रामीणों और परिजनों ने उसे पानी से बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह दूध लेने के लिए घर से निकला था लेकिन नहाने चला गया।
सोरम निवासी विक्की प्रसाद का पुत्र आरव उर्फ अर्पित अपने फुफेरे भाई किट्टू और अन्य बच्चों के साथ गांव के बाहर ईंट भट्टे की पथेर की भूमि पर भरे पानी में नहाने गया था। नहाते समय उसका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गया। उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद राहगीर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों और परिजनों ने पानी में उतरकर आरव को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि आरव दूध लेने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह बच्चों के साथ नहाने चला गया।
सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है।
-
मामा के घर से बुलाकर कराया था एडमिशन
आरव बागपत के बछोड़ गांव में अपने मामा के यहां रहता था और उसने वहां से कक्षा पांच तक की पढ़ाई की थी। दो माह पहले ही पिता उसे गांव वापस लाए थे और कक्षा छह में उसका दाखिला कराना था। आरव के तीन भाई और तीन बहन थे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना से गांव में शोक व्याप्त है।