भोपा रोड पर मिला कपड़ा व्यापारी का शव
मुजफ्फरनगर। शहर के भोपा रोड पर ट्रांसपोर्टनगर के निकट युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की पहचान मोहल्ला आबकारी निवासी सोनू वर्मा के रूप में हुई है, जो मंगलवार शाम से लापता था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर के निकट बुधवार सुबह एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसकी पहचान के प्रयास किए। शव की पहचान शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आबकारी निवासी सोनू वर्मा (42) के रूप में हुई। सोनू का शव मिलने की सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने बताया कि सोनू मंगलवार शाम मंदिर जाने के लिए घर से निकला था। देर रात तक भी उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने एक-दो जगह उसके बारे में पूछताछ की, लेकिन सुराग नहीं लगा। बुधवार सुबह परिजन थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने आ रहे थे कि उसका शव मिलने की सूचना आ पहुंची। परिजनों ने मामले में किसी भी जानकारी से इंकार किया है, जिसके बाद पुलिस अब शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।