संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। पुरकाजी खाईखेड़ी मार्ग पर नाले की पुलिया बनवाने की मांग को लेकर भाकियू ने 2 घंटे धरना प्रदर्शन किया। मौके पर पहंचे एसडीएम सदर ने जल्द ही पुलिया बनवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हो गया।
पुरकाजी खाईखेड़ी मार्ग पर श्मशान घाट के पास नाले पर एक पुलिया बनी हुई है। पुलिया के ऊपर से खनन से लदे भारी डम्पर गुजरने से पुलिया कमजोर होकर बृहस्पतिवार देर रात टूट गई थी। इससे नार्वे, खाईखेड़ी, नंगला दुहेली आदि गांवों के ग्रामीणों सहित खेतों पर आने-जाने वाले सैकड़ों किसानों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। पुलिया बनवाने की मांग को लेकर शनिवार दोपहर भाकियू प्रदेश महासचिव जहीर फारुकी व ब्लॉक अध्यक्ष मोनू पंवार सैकड़ों भाकियू कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए।
इसकी जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर परमानन्द झा व प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र मोहन सिंधू मौके पर पहुंचे और धरना दे रहे लोगों से वार्ता कर जल्द ही पुलिया बनवाने का आश्वासन दिया, तब धरना समाप्त हो गया। इस दौरान विवेक राठी, बिट्टू राठी, संजय त्यागी, वीरेंद्र राठी, मोहम्मद सुलेमान, आदिल फरीदी, शशि गुर्जर, हाफिज मोहसिन, राजा गुर्जर, दीपक गुर्जर, वंश अग्रवाल, शमशाद फरीदी, नीटू चौधरी, नीटू गुर्जर, खुर्रम अहमद, नदीम कुरैशी, खुश नसीब आदि मौजूद रहे। धरने की अध्यक्षता मोहम्मद अहसान व संचालन आदिल फरीदी ने किया।