पुलिस उत्पीड़न के विरोध में भाकियू का धरना
मुजफ्फरनगर, भोपा। पुलिस पर किसानों व आम लोगों का उत्पीड़न करने के विरोध में और गन्ना भुगतान की समस्या को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने पर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इसके बाद कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर धरना खत्म किया गया।
भाकियू के ब्लॉक अध्यक्ष विकास राठी के नेतृत्व में बुधवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंचे और गेट के पास धरना देकर बैठ गए। भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष विकास राठी, योगेश शर्मा, सर्वेंद्र राठी, पुष्पेंद्र उर्फ बिट्टू प्रधान और प्रधान चंद्रवीर राठी ने कहा कि मोरना चीनी मिल द्वारा अभी तक फरवरी माह के बाद का गन्ना भुगतान नहीं किया गया है। इससे किसानों को आर्थिक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। वहीं, थाना पुलिस द्वारा किसानों व आम लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। क्षेत्र में हुई कई घटनाओं का खुलासा न करने का भी पुलिस पर आरोप लगाया गया। इस पर मोरना चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक कमल रस्तोगी मौके पर पहुंचे, जिन्हें किसानों ने धरने पर ही बैठा लिया। घंटों तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद जीएम कमल रस्तोगी ने किसानों को जल्द ही 26 करोड़ रुपये का भुगतान करने का आश्वासन दिया। वहीं, सीओ गिरिजाशंकर त्रिपाठी व इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने भी आकर किसी को परेशान नहीं करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना खत्म किया गया। इस मौके पर सरदार देवेंद्र सिंह, हवा सिंह, प्रवीण चौधरी, धर्मेंद्र राठी, आस मोहम्मद, अफसर अली, सतवीर कुमार, गुरविंदर सिंह और प्रवीण वालिया आदि मौजूद रहे।