सिसौली। कोरोना से जंग में भाकियू भी आगे आई है। कस्बा सिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर छह ऑक्सीजन बेड की स्थापना की गई है।
युवा भाकियू नेता गौरव टिकैत ने कहा कि जिला प्रशासन को ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्राथमिक विद्यालयों में कम से कम 10 ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था करनी चाहिए। सामूहिक लड़ाई से ही कोरोना को हराया जा सकता है। भारतीय किसान यूनियन ने एक बीड़ा उठाया है जिसकी शुरुआत जनपद में सिसौली से की है। जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ऑक्सीजन बेड की स्थापना संगठन के खर्च पर कराई जाएगी।
भाकियू के मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अलग से ऑक्सीजन का कोटा निर्धारित कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी ऑक्सीजन उपलब्ध कराए। भाकियू जनपद के सामाजिक संगठनों, उद्यमियों, व्यापारियों से भी आह्वान करती है कि इस विपत्ति में हर संभव मदद करें। जनपद के सभी शुगर मिलों से भी निवेदन है कि अपने-अपने क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 20-20 बेड ऑक्सीजन सहित उपलब्ध कराने के लिए आगे आए। भाकियू पत्र लिखकर भी शुगर मिलों से 100 बेड शुगर मिल के अंदर तैयार करने की अपील करेगी।