रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा झूठ की पार्टी है। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने दस हजार आईटी एक्सपर्ट सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने के लिए सक्रिय कर दिए हैं। गन्ना भुगतान के बड़े दावे पीएम और सीएम करते है, मगर किसान संकट में है। बिजली मूल्य वृद्धि के विरोध में 12 अगस्त को रालोद बिजलीघरों पर प्रदर्शन करेगी। किसान अपने भविष्य के लिए एकजुट होंगे, तभी सरकारें हक देंगी।
जानसठ के नंगला मंदौड़ इंटर कॉलेज में रालोद की पोल खोल-धावा बोल रैली में बारिश के विघ्न से दिक्कतें आई। पंडाल के बजाए कॉलेज के सभागार में रैली हुई। रालोद उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने कहा कि जनता भाजपा के झूठ से सावधान रहें। भाजपा झूठ की फैक्ट्री है।
दस हजार आईटी एक्सपर्ट आवाम को गुमराह करने को लगा रखे हैं। रालोद किसानों की पार्टी है और ग्रामीणों के हितों को संघर्ष किया है। शाहजहांपुर में पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों के गन्ना भुगतान का झूठा दावा किया, जबकि अकेले शाहजहांपुर में ही किसानों का 650 करोड़ गन्ना भुगतान बकाया है।
प्रदेश के किसानों का चीनी मिलों पर 11 हजार करोड़ बकाया है। पेराई सत्र में 14 दिन में भुगतान तो नहीं मिला, बल्कि पर्ची के लिए भी किसानों को जूझना पड़ा। गन्ने की पैदावार अच्छी हुई है। लोकसभा चुनाव मेें किसानों को लुभाने के लिए सरकार गन्ने का मूल्य बढ़ाएगी।
लखनऊ को गन्ने का भाव तय करने का अधिकार रालोद ने ही दिलवाया था। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव में भाईचारा कायम करें। दलितों और अल्पसंख्यकों की समस्याओं का निराकरण कराए। गांव और गरीब के साथ न्याय के लिए हम डट कर खड़े है।
जयंत चौधरी ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई और बिजली विभाग सबसे ज्यादा भ्रष्टाचारी हैं। बिजली के रेट बढ़ाकर किसानों के साथ अन्याय किया गया है। बिजली के दाम बढ़ाने के खिलाफ रालोद 12 अगस्त को बिजलीघरों का घेराव कर प्रदर्शन करेंगी।
पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत राठी, प्रदेश महामंत्री सुधीर भारतीय, पश्चिम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी, लोकसभा प्रभारी सुरेश मलिक, ब्रजवीर सिंह, कृष्णपाल राठी, तारीक मुस्तफा, धर्मेंद्र तोमर, विकास बालियान, पूर्व जिलाध्यक्ष रंधावा मलिक, ब्रजबीर सिंह, अनुज प्रमुख, डॉ हासिम रजा जैदी, हर्ष राठी, सुक्रमपाल, सलीम, राहुल राणा, विदित मलिक, ओंकार बालियान, विकास कादियान, मोंटी चौधरी, सहदेव पंवार आदि रहे। अध्यक्षता यामीन कम्हेड़ा और संचालन रैली संयोजक संजय राठी ने किया।
चार साल में कोई रोजगार नहीं दे सकी मोदी सरकार
बुढ़ाना। जौला में हुई रालोद की रैली में पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकारों को गांव और गरीब की फिक्र नहीं है। केवल पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाना ही मकसद है। चार साल में मोदी सरकार युवाओं को कोई रोजगार नहीं दे पाई है। गन्ने का भुगतान नहीं होने से किसान और मजदूर के सामने परेशानियां खड़ी है।
जौला गांव के एक मदरसे में आयोजित रैली में जयंत चौधरी ने कहा कि मुफ्त बिजली देने के नाम पर योगी सरकार ने गांव-गांव में बिजली के मीटर लगा दिए। बिजली के मूल्यों में वृद्धि से खेती किसानी महंगी होगी, पहले से ही किसानों को फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल रहा।
किसान परिवार की औसत आय चार हजार 930 रुपये है, जिसमें बमुश्किल रोटी मिलती है। आवारा पशुओं से फसल बर्बाद हो रही है। बेरोजगारी बड़ी समस्या है। मोदी सरकार चार वर्ष में युवाओं को कोई रोजगार नहीं दे पाई। योगी सरकार भी परीक्षा और भर्तियों की जांच में उलझी है।
सरकार की नीति ने छोटे कामगारों, दस्तकारों को भी बेरोजगार बना दिया है। मुजफ्फरनगर में किसानों का साढ़े 11 हजार करोड़ रुपया गन्ना भुगतान चीनी मिलों पर बकाया है। पीएम अपनी रैलियों में भुगतान के झूठे दावे करते हैं। रालोद के कार्यकर्ता जनता के बीच जाए और जनजागरण करें।
12 अगस्त को एकजुट होकर बिजली दरों के विरोध में घेराव प्रदर्शन करें। पूर्व विधायक राजपाल बालियान, पूर्व मंत्री धर्मबीर बालियान, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक नवाजिश आलम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तरसपाल मलिक, सतबीर पंवार, शामली रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र, जिलाध्यक्ष अजित राठी, पूर्व चेयरमैन हाजी जमशेद, सुरेंद्र सहरावत, इकबाल, जब्बार ने भी रैली को संबोधित किया। अध्यक्षता रामनिवास सहरावत तथा संचालन पूर्व सांसद अमीर आलम ने किया।