फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिद्धेश्वरी पेपर मिल की छत गिरी, कर्मी की मौत 

Sat, 28 Jul 2018 12:11 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
पेपर मिल में पड़ा छत का मलबा। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जानसठ रोड स्थित सिद्धेश्वरी पेपर मिल में शुक्रवार दोपहर तेज बारिश के चलते भारी-भरकम लोहे व सीमेंट की चादरों की छत अचानक नीचे काम कर रहे कर्मचारियों के ऊपर गिरी गई। मलबे में दबकर एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा कर्मचारी घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 
विज्ञापन


जनपद भदोही निवासी विंध्यवासिनी तिवारी (36) पुत्र दुर्बली तिवारी  यहां शहर के जानसठ रोड स्थित सिद्धेश्वरी पेपर मिल में कर्मी थे। शुक्रवार दोपहर तिवारी पेपर मिल में ही साथी सहकर्मी इलाहाबाद निवासी राजा बाबू के साथ परिसर में स्थित मशीन पर काम कर रहे थे।

इसी दौरान तेज बारिश के चलते मशीन के ऊपर करीब 25 फीट ऊंचाई पर लगी लोहे की छत, जिस पर सीमेंट की चादरें डाली हुईं थीं, अचानक नीचे आ गिरी। नीचे खड़े कर्मी तिवारी के सिर पर लोहे की भारी-भरकम एंगल गिरी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजा बाबू घायल हो गया।
विज्ञापन


पेपर मिल में हादसे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल राजा बाबू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना पर पहुंची सिखेड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। 

पूरी तरह से जर्जर हो चुकी थी छत 
मुजफ्फरनगर। पेपर मिल में मशीन के ऊपर करीब 25 फीट की ऊंचाई पर लोहे का भारी-भरकम जाल तैयार कर उस पर सीमेंट की चादरें डाली गईं थीं। उक्त सीमेंट की चादरें काफी जर्जर हालत में पहुंच चुकी थीं। नतीजतन उक्त जर्जर छत तीन दिन से चल रही तेज बारिश को नहीं झेल सकीं, जिसके चलते मशीन मैन को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा।  

बारिश से गिरी मकान की छत, मां-बेटा घायल      
शाहपुर। काकड़ा में 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश से कच्चे मकान की छत गिर गई, जिसके मलबे में दबकर मां-बेटा घायल हो गए। उधर, जोरदार बारिश के चलते गांव के दर्जनों मकानों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे ग्रामीण बेहाल हैं। क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी आशुतोष गौतम शुक्रवार को रोजाना की तरह काम पर गया था।

बीती रात से लगातार हो रही बारिश से दोपहर के समय उसके मकान के एक कमरे की छत अचानक तेज धमाके के साथ गिर गईं। इसके चलते कमरे में मौजूद आशुतोष की पत्नी सीमा व उसका आठ वर्षीय पुत्र अक्षय घायल हो गए। आसपास के लोगों ने मां-बेटा को मलबे से निकालकर पीएचसी ले जाकर उपचार दिलाया। उधर, लगातार दो दिन से हो रही बारिश के चलते गांव के दर्जनों मकानों में पानी भी घुस गया है, जिससे बेहाल ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव से पानी निकासी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।  

भोपा और नरा बिजलीघर की हाईटेंशन लाइन में हुआ  फाल्ट       
भारी बारिश से जिले में बिजली ने लोगों को रुला दिया। भोपा और नरा बिजलीघरों की हाईटेंशन लाइन में बारिश के कारण फाल्ट हो जाने से शहर से लेकर देहात तक बत्ती गुल हो गई। शुक्रवार की आधी रात से तेज बारिश के कारण कई मुश्किलों से लोगों को जूझना पड़ा।  जलभराव के कारण लोगों को कई चुनौती से लड़ना पड़ा।

ऐसे में सवेरे से ही बत्ती भी गुल हो जाने के कारण मुश्किलें बढ़ गई।  शहर से लेकर गांव देहात तक बिजलीघर से ब्रेकडाउन हो जाने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से लोगों के इंवर्टर भी बोल गए। विद्युत वितरण नगरीय मंडल के अधीक्षण अभियंता एके आत्रेय ने बताया कि तेज बारिश के कारण नरा बिजलीघर से निकल रही हाईटेंशन लाइन पर फाल्ट हो गया।

बड़ी लाइन के ब्रेकडाउन पर चले जाने के कारण शहर की बिजली आपूर्ति कट गई। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश होने के कारण लाइन को दुरुस्त करने में दिक्कत पैदा हो रही है। विद्युत वितरण मंडल ग्रामीण के अधीक्षण अभियंता दीपक अग्रवाल ने बताया कि रात से ही तेज बारिश के कारण हाईटेंशन लाइन में फाल्ट से क्षेत्र के कई बिजलीघरों को ब्रेकडाउन देना पड़ा।

सवेरे जब बारिश कमजोर पड़ी थी तो कुछ बिजलीघरों से आपूर्ति सुनिश्चित करायी थी, लेकिन लगातार बारिश काम नहीं होने दे रही है। बारिश के कारण बड़ी लाइन को ठीक नहीं किया जा सकता है। ऐसे में आपूर्ति बाधित है।  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें