बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। रिश्तेदार के साथ बाइक द्वारा अपने गांव वापस आ रहा युवक बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर कार की चपेट में आ गया। इस हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव हरसौली का रहने वाला प्रमोद (20) अपनी रिश्तेदारी बागपत जनपद के गांव पलड़ी निवासी सागर उर्फ संजीव (21) के साथ बाइक द्वारा गांव हरसौली जा रहा था। शुक्रवार दोपहर बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर मिंडकाली गांव के पास उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गई। इस घटना में बाइक सहित दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। प्रमोद की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और संजीव को निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। अचेत अवस्था में प्रमोद को सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। सीएचसी पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। संवाद