हाईवे पर हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत
पुरकाजी/रामराज (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-दून हाईवे पर फलौदा कट के पास हरिद्वार की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार अधेड़ को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उधर, रामराज क्षेत्र के गांव देवल में ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में पलट गई, जिससे तीन लोग घायल हो गए।
पुरकाजी कस्बे में बुधवार सुबह करीब 53 वर्षीय अधेड़ बाइक से मुजफ्फरनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह फलौदा कट से दिल्ली-दून हाईवे पर पहुंचा, हरिद्वार की ओर से आती तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, कार सवार दो आरोपियों जनपद गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी हर्ष और पीतांबर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
दूसरी ओर, रामराज क्षेत्र के गांव देवल में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क में बने गहरे गड्ढे में पहिया गिरने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। ट्रैक्टर-ट्रॉली में रुड़की के गांव भूड़पुर निवासी कोल्हू ठेकेदार इमरान व उसका बेटा कई मजदूरों के साथ मौजूद था। हादसे में सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गए, जिन्हें सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाहर निकाला। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार भूरा, शादाब और आजाद घायल हो गए, जिन्हें बिजनौर हॉस्पिटल ले जाकर भर्ती कराया गया है।