- मुजफ्फरनगर के भोपा रोड पर सोमवार की देर रात हुआ हादसा
- अवनीश कंस्ट्रक्शन के कर्मचारी पाइप लाइन का प्रेशर कर रहे थे चेक
- परिजनों ने मृतक के शव को कंपनी के दफ्तर के बाहर रख लगाया जाम
- सिटी मजिस्ट्रेट ने आर्थिक सहायता का आश्वासन देकर मामला शांत कराया
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) की पाइप लाइन डालते वक्त एमडीपीई पाइप के प्रेशर की चपेट में आने से बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में बाइक सवार विष्णु (26) का सिर खंभे में जा लगा, जिससे उसकी मौत हो गई। नाराज परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को कंपनी के दफ्तर के सामने महावीर चौक पर रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक हंगामा हुआ। सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार ने आर्थिक सहायता का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
भोपा रोड पर पाइप लाइन बिछाने का ठेका आईजीएल ने अवनीश कंस्ट्रक्शन को दिया है। सोमवार की रात करीब साढ़े 11 बजे कर्मचारी 125 मिलीमीटर के एमडीपीई पाइप का प्रेशर चेक कर रहे थे। प्रेशर के कारण पाइप स्कुईजीर मशीन से छिटक गया। मार्ग से गुजर रहा बाइक सवार विष्णु पाइप की चपेट में आकर सड़क पर जा गिरा। उसका सिर खंभे में जा लगा, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। आसपास के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे से गम का माहौल बन गया। मंगलवार दोपहर बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने विष्णु का शव आईजीएल कंपनी के दफ्तर के पास महावीर चौक पर रखकर जाम लगा दिया। मृतक के परिजनों ने कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट अनूप कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों को किसी तरह समझा बुझाकर शांत किया। उधर, मृतक के भाई संजीव ने आइजीएल कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही से हादसे में विष्णु की मौत का मुकदमा दर्ज कराया है। आईजीएल के डीजीएम रचिन कंसल का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
12 लाख का मुआवजा देगी कंपनी
विष्णु के परिवार को 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता कंपनी देगी। इसके अलावा शासन स्तर से भी परिवार की आर्थिक मदद कराई जाएगी। - अनूप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट