बेराज चौकी पर वाहनो की चैकिंग करते सीओ शकील अहमद व थाना प्रभारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले मोस्ट वांटेड अपराधी विकास दुबे की तलाश में मंगलवार दोपहर से बिजनौर बॉर्डर पूरी तरह सील कर दिया गया। बीआईटी चेकपोस्ट से गंगा बैराज तक कई जगह नाकाबंदी कर बिजनौर आने-जाने वाले वाहनों की जांच करते हुए राहगीरों की भी मास्क उतरवाकर चेकिंग की गई।
ढाई लाख के इनामी विकास दुबे के सोमवार को बिजनौर जनपद में होने की सूचनाएं पुलिस को मिली थी, जिसके बाद उसके मंगलवार को मुजफ्फरनगर पहुंचने का इनपुट मिला तो मंगलवार दोपहर एसपी देहात नेपाल सिंह के नेतृत्व में सीओ जानसठ शकील अहमद ने जानसठ, मीरापुर व रामराज थाना पुलिस के साथ बीआईटी चेकपोस्ट से गंगा बैराज तक जबरदस्त नाकाबंदी कर दी। कई स्थानों पर बैरियर लगाकर बिजनौर से आने-जाने वाले सभी वाहनों, रोडवेज बस, बाइक सवार व राहगीरों को रोककर उनकी सघन जांच की गई। सभी लोगों के मास्क उतरवाकर उनकी चेकिंग की गई। ट्रकों को भी रुकवाकर उनके केबिन और पीछे की चेसिस की जांच की गई। हालांकि घंटों के चेकिंग अभियान में फिलहाल पुलिस को विकास दुबे संबंधित किसी तरह की सफलता नहीं मिल सकी। इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी, इंस्पेक्टर एचएन सिंह व एसओ सतेंद्र नागर भारी फोर्स के साथ मौजूद रहे।