पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार देर रात को बालक नकुल का शव बिहारगढ़ गांव पहुंचा, मगर परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। परिजन और ग्रामीण हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। ग्राम प्रधान बुधराम ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी से पूरी तरह से पूछताछ किए बिना ही उसका चालान कर दिया।
बाकी अन्य आरोपियों से भी पुलिस अभी तक घटना का पूरी तरह से खुलासा नहीं कर सकी है, जिससे परिजन और ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। इसलिए देर रात को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, तो परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार नहीं किया। माना जा रहा है कि बुधवार सुबह ग्रामीण बालक के शव को लेकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन भी कर सकते है।
जन्म देते ही मां की हो गई थी मौत, एक साल पहले पिता भी चल बसा था
बालक नकुल की हत्या से परिजनों में कोहराम मचा है। वह सात भाई बहनों में वह सबसे छोटा होने के कारण सभी का लाड़ला था। उसकी मौत से गांव में भी शोक व्याप्त है। उसकी मां हंसो भी नकुल को जन्म देने के दौरान चल बसी थी। परिवार के बडे़ भाई पप्पू की डेढ़ साल पहले बीमारी से मौत होने पर सदमे ने पिता श्रीराम का भी साया उठ गया था।
घर में बचे एक भाई संजीत की दिमागी हालत ठीक नहीं है, उसकी पत्नी पूर्ण रूप से दिव्यांग है। मात्र तीन बीघा भूमि और मजदूरी से परिवार पल रहा है। बहनों रुपा 14 वर्ष, काजल 12 वर्ष की भाई की मौत पर रोते रोते बुरा हाल है। परिवार की दो बेटी दीपा और बुग्ली शादीशुदा हैं।
कक्षा तीन का छात्र था नकुल
मृतक बालक गांव के स्कूल में ही कक्षा तीन में पढ़ता था। वह सोमवार शाम को परिजनों से पड़ोस में सगाई समारोह के दौरान बज रहे डीजे को देखने की बात कह कर गया था। तब परिजनों को पता नहीं था कि अब नकुल लौट कर नहीं आएगा। सोमवार रात में ही कुछ युवकों ने उसकी हत्या कर दी। देर रात को उसकी लाश मिली।
पीएम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
एसपी देहात विनीत भटनागर का कहना है कि मृतक के ताऊ की ओर से कुकर्म और हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को जेल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। बालक के साथ कुकर्म हुआ या नहीं इसके लिए पंचनामे में जांच के लिए लिखा गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसकी पुष्टि होगी। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। बेकसूर लोगों को जेल नहीं भेजा जाएगा, जिसमें गहनता से जांच की जा रही है। दोषी को बक्सा नहीं जाएगा।