आठ माह में ढाई हजार रुपये तक महंगी हुईं साइकिलें
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन खत्म होने के बाद लगातार बढ़ रही महंगाई का असर साइकिल पर भी पड़ा है। पिछले आठ माह में साधारण साइकिल के दाम में एक हजार, रेंजर व गियर वाली साइकिलों के दाम में दो से ढाई हजार रुपये की वृद्धि हो चुकी है। लोहा, रबड़ और प्लास्टिक के दामों के साथ ही पेट्रो पदार्थों के मूल्य में हुई बढ़ोत्तरी को इसकी मुख्य वजह माना हा रहा है।
कोरोना काल के दौरान गरीबों के वाहन साइकिल के दामों में भारी बढ़ोत्तरी हो चुकी है। साइकिल के थोक विक्रेता दिनेश अग्रवाल ने बताया कि हीरो, नीलम व हरक्यूलिस कंपनी की साधारण साइकिल जुलाई-2020 में 3,500 रुपये की थी, जो अब 4,300 से 4,500 रुपये तक की हो चुकी है। वहीं, छोटे बच्चों की साइकिलें आठ माह पूर्व दो से तीन हजार रुपये (वैरियंट के अनुसार) की थी, जिनकी कीमत अब तीन से चार हजार रुपये तक पहुंच चुकी हैं। वहीं, गियर वाली व रेंजर साइकिल के दाम इस अवधि में आठ हजार रुपये से बढ़कर 10,500 रुपये तक पहुंच चुके हैं। साइकिलों के दाम बढ़ने के चलते इनकी बिक्री में भी करीब 20 से 30 फीसदी तक की गिरावट आई है। निचले तबके के ग्राहक नई की अपेक्षा पुरानी साइकिलों को तरजीह दे रहे हैं। इसके चलते पुरानी साइकिलों के दाम भी पांच सौ रुपये तक बढ़ गए हैं।
महंगे लोहा, प्लास्टिक व रबड़ से पड़ा फर्क
साइकिलें महंगी होने के पीछे कारोबारी पिछले आठ माह के दौरान पेट्रोल-डीजल के दामों में हुई बढ़ोत्तरी को कारण मान रहे हैं। कारोबारी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि महंगे ट्रांसपोर्ट के चलते लोहा, प्लास्टिक व रबड़ के दामों में भी वृद्धि हुई, जिसका सीधा असर साइकिल उद्योग पर पड़ा है। साइकिल कारोबारी सुभाष गोयल ने बताया कि महंगे ट्रांसपोर्ट के चलते साइकिल उद्योग से जुड़े लोहा, प्लास्टिक व रबड़ के दामों में करीब दस फीसदी तक की वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर साइकिल उद्योग पर पड़ा है।
आठ माह में नौ रुपये तक बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
मुजफ्फरनगर। कोरोना काल के बाद से अब तक पिछले आठ माह के दौरान पेट्रोल-डीजल के दाम में करीब नौ रुपये प्रति लीटर से अधिक की वृद्धि हो चुकी है। पेट्रोल-डीजल एसोसिएशन के पदाधिकारी अखिलेश गुप्ता ने बताया कि दो जुलाई 2020 को पेट्रोल के दाम 81 रुपये प्रति लीटर थे, जो अब बढ़कर 89.32 रुपये प्रति लीटर हो चुके हैं। वहीं, डीजल के दाम दो जुलाई 2020 को 72.50 रुपये प्रति लीटर थे, जो अब बढ़कर 81.84 रुपये प्रति लीटर तक जा पहुंचे हैं।