आरोपियों की दो दिन में गिरफ्तारी के आश्वासन पर धरना हुआ समाप्त
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो खबर
भोपा। पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करने का आरोप लगाते हुए भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने थाने पर धरना-प्रदर्शन किया। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी करने की मांग की। पुलिस ने दो दिन का समय मांगा, जिस पर धरना समाप्त हुआ।
थाना क्षेत्र के गांव रहमतपुर निवासी अमित ने बताया कि करीब छह दिन पूर्व गांव का ही युवक अनुज रात के समय उनके घर में घुस आया और गाली-गलौच करने लगा। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी धमकी देता हुआ वहां से चला गया।
वह अगले दिन गांव स्थित भट्टे पर कार्य कर रहा था, तभी आरोपी अनुज अपने दो साथियों के साथ भट्टे पर आया और उसके साथ लाठी डंडों से मारपीट की। अनुज व दो अज्ञात के विरुद्ध थाने पर मुकदमा कायम कराया था। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के कारण रविवार को भीम आर्मी के टीकम बौद्ध, कविंद्र कुमार, विकास बौद्ध, कुलदीप बौद्ध, ओम कुमार, महिला मंडल की कविता, रूबी सहित सैकड़ों लोग थाने पर पहुंचे और पुलिस पर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने का आरोप लगाया।
सीओ डॉ. रवि शंकर मिश्रा व थाना प्रभारी निरीक्षक ने ग्रामीणों को बताया कि इस संबंध में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।