किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू ने किया प्रदर्शन
देवबंद(सहारनपुर)। किसानों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग की।
तहसील अध्यक्ष ईश्वरचंद आर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता सुबह 10.30 बजे तहसील पहुंचे और विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। तहसील अध्यक्ष ने कहा कि गन्ना के छिलके जलाने के नाम पर प्रशासन किसानों को प्रताड़ित कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देकर उन पर केस दर्ज किए जा रहे हैं। जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक चीनी मिलों से 14 दिन के भीतर भुगतान नहीं कराया जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यूनियन ने तहसीलदार आशुतोष कुमार को प्रेषित चार सूत्रीय ज्ञापन में सरकार की ओर से किसानों को गन्ना पत्ती काटने के लिए निशुल्क यंत्र उपलब्ध कराने, सरकार द्वारा गन्ना पत्ती के उठान की व्यवस्था कराए जाने, गांगनोली चीनी मिल के गन्ने का बकाया व वर्तमान भुगतान ब्याज सहित कराने, खटोली से नागल रेलवे स्टेशन तक रेलवे लाइन के बराबर में रास्ता छुड़वाने और खेतों में घूमकर फसलों को नष्ट कर रहे गोवंश को पकड़वाने की मांग की गई। तहसीलदार ने यूनियन नेताओं को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि 15 दिन के भीतर गांव-गांव घूम रहे आवारा गोवंश को पकड़कर गोशाला में छोड़ा जाएगा। इस मौके पर नगराध्यक्ष केहर सिंह, ब्लाक अध्यक्ष विनय कुमार, राजपाल सिंह, मणिकांत भारद्वाज, भूपेंद्र सिंह, नवाब त्यागी आदि मौजूद रहे।