30 जून को डीजल मूल्य पर गरजेगी भाकियू
मुजफ्फरनगर। भाकियू का डीजल मूल्य में बेहताशा वृद्धि एवं पुलिस उत्पीड़न के विरोध में 30 जून को हल्ला बोल होगा। देश भर में जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर भाकियू प्रदर्शन करेगी।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों पर महंगी बिजली, खाद, रसायन की मार के बाद डीजल की एक ओर मार पड़ी है। देश के इतिहास में पहली बार डीजल की कीमत पेट्रोल से ऊपर है। 2014 में महंगाई को मुद्दा बनाने वाली भाजपा आज महंगाई पर चुप है। किसानों की फसलों की खरीद नहीं हो पा रही है। किसानों को महंगाई के अनुरूप दाम नहीं मिल पा रहा है। किसानों को सरकार कोई राहत नहीं दे पा रही है। आज डीजल पर लगभग 50 रुपये की एक्ससाइज ड्यूटी वसूली जा रही है। सरकार तेल व बिजली पर व्यापार कर रही है। 30 जून को भाकियू तहसील स्तर पर डीजल मूल्य में वृद्धि, बिजली की बढ़ी दर, वाहनों पर भारी भरकम चालान, किसानों को नलकूप का सामान न मिलने आदि समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन करेगी।