भाकियू (सर्व) ने टोल पर किया हंगामा
देवबंद। दिल्ली बार्डर जाने वाले किसानों के ट्रैक्टर को टोल फ्री करने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (सर्व) ने टोल प्लाजा पर हंगामा किया। भाकियू के हंगामे के चलते काफी समय तक टोल फ्री रहा।
सोमवार को भाकियू (सर्व) के जिलाध्यक्ष जमाल नासिर उस्मानी के नेतृत्व में संगठन से जुड़े किसान रोहाना टोल प्लाजा पर पहुंचे। इसके बाद दिल्ली बार्डर पर जाने वाले ट्रैक्टरों को टोल फ्री करने की मांग के लिए नारेबाजी कर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे प्लाजा के मैनेजर भूपेंद्र कुमार से वार्ता के दौरान जमाल नासिर उस्मानी ने कहा कि दिल्ली जाने वाले किसानों के वाहनों को टोल फ्री किया जाए। साथ ही प्रेस के लोगों को भी यह सुविधा दी जाए। इस दौरान भाकियू ने मांगों को लेकर भूपेंद्र कुमार को ज्ञापन भी दिया। इसमें काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।