भोपा के गांव बरूकी में मधुमक्खियों के हमले में ग्रामीण की मौत हो गई। कई ग्रामीणों ने खेत से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने ग्रामीण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भोपा के गांव बरूकी निवासी सुशील ने बताया कि मंगलवार सुबह उनके पिता ज्योति सिंह (58) पुत्र प्रकाश पड़ोसी थान सिंह के खेत पर गन्ना छिलने गए थे। गन्ना छिलते समय उनसे मधुमक्खी के छत्ते में हाथ लग गया। मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद गन्ना छील रहे ग्रामीण सोमपाल, कर्म सिंह और सोनू ने किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाई।
ग्रामीणों ने ज्योति के घर पहुंचकर परिजनों से उनके बारे में जानकारी की। परिजनों ने बताया कि वह अभी घर नहीं आए हैं। परिवार के लोग उनकी तलाश में खेत पर पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने देखा कि उनके पास मधुमक्खियां घूम रही हैं। परिवार के सदस्यों ने मधुमक्खियों को भगाने के लिए आग जलाई। मधुमक्खियों के उड़ने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने देखा कि वह मृत पड़े हुए हैं। ग्रामीण की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। भोपा पुलिस ने ग्रामीण के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।